
कटरा, 16 August। वैष्णोदेवी की यात्राः आज सुबह 6 बजे से यात्रा शुरू, यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों को 14 किमी की चढ़ाई मास्क या फेस कवर लगाकर करनी होगी
कटरा। पांच महीने बाद वैष्णो देवी यात्रा की शुरुआत आज से हो गई है। सुबह 6 बजे से यात्री दर्शन के लिए जा रहे हैं। अभी भीड़ काफी कम है, स्थानीय लोग ही दर्शन के लिए जा रहे हैं। खासकर के ऐसे भक्त जो यहां दर्शन के लिए महीने – दो महीने में आते रहते हैं। कोरोना के चलते इस बार यात्रा में विशेष सावधानियां बरती जा रही है। यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के टेंपरेचर जांच के लिए ऑटोमेटिक मशीन लगाई गई है। सैनिटाइजर से उन्हें सैनिटाइज किया जा रहा है, इसके बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है।
इससे पहले श्राइन बोर्ड के सीईओ रमेश कुमार यहां सुबह आए थे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। इस बार यात्रा के लिए पिट्ठू और खच्चर की व्यवस्था नहीं है। पैदल ही मास्क लगाकर 14 किमी की यात्रा करनी है। इससे पहले आने वाले यात्रियों के हेल्थ जांच के लिए मेडिकल टेंट और डॉक्टरों की टीम तैनात करने की बात कही गई थी लेकिन अभी तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है।
- श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के पहले हफ्ते हर रोज 2 हजार भक्तों को यात्रा की परमिशन दी है, इसमें से महज 100 भक्त ही बाहरी राज्यों के होंगे
- यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों को 14 किमी की चढ़ाई मास्क या फेस कवर लगाकर करनी होगी, किसी भी भक्त को फेस कवर या मास्क उतारने की अनुमति नहीं है
बाहर से आने वाले भक्तों के लिए क्या करना जरूरी
- कोरोना टेस्ट करवाकर आएं और रिपोर्ट साथ में लाएं। हालांकि एक रैपिड टेस्ट यहां भी होगा।
- मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड रखें।
- फेस मास्क या कवर लेकर आएं।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा लें।
- होटल की बुकिंग भी ऑनलाइन शुरू हो चुकी हैं, आप पहले ही करवा सकते हैं।
- कटरा तक ट्रेनें अभी नहीं चल रही हैं, इसलिए आपको जम्मू से टैक्सी के जरिए कटरा आना होगा। जम्मू में टैक्सी मिल रही है।
- साथ में छाता भी लाएं, ताकि बारिश होने पर खुद का बचाव कर सकें।