
पटना। बिहार के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने आज जनता दल युनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार ने बुधवार रात भाजपा के समर्थन से राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। नीतीश के साथ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने राज भवन में आयोजित एक समारोह में कुमार और मोदी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। लगभग 9 मिनट चले समारोह में भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
मंत्रिमंडल का विस्तार दोनों दलों के बीच बातचीत के बाद जल्द ही किया जायेगा। भाजपा पहले ही सरकार में शामिल होने की बात कह चुकी है और आज सुशील मोदी सरकार में शामिल हो भी गये। नीतीश ने छठी बार राज्य की कमान संभाली है। जिस समय नीतीश शपथ ले रहे थे उस समय राज भवन के बाहर राजद कार्यकर्ता विरोध में नारेबाजी कर रहे थे।