
मोहनखेड़ा/धार। मोहनखेड़ा में शुक्रवार को भाजपा कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दीप प्रज्वलित कर किया। नंदकुमार सिंह चौहान ने कार्यक्रम की शुरुआत में कहा कि केंद्र सरकार के फैसलों को जनता ने स्वीकार किया है। नियति भाजपा के साथ है। 2019 में मोदीजी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को अनवरत लगे रहना है।
उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक हमारा पावर हाउस है, जहां जो उत्साह जनरेट होगा वह बूथ स्तर तक जाएगा। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने पं. दीनदयाल उपाध्याय को इतिहास पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह रामचरित मानस के लिए तुलसीदास को और महाभारत के लिए वेद व्यास को याद किया जाता है। उसी तरह एकात्म मानववाद के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय का नाम इतिहास में दर्ज होगा।