
न्यूयॉर्क। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हल्का ब्राउन रंग का ईवनिंग गाउन पहनकर मेट गाला के रेड कार्पेट पर अपने बोल्ड और बिंदाज अंदाज से जलवा बिखेरा। प्रियंका ने फंड जुटाने के लिए आयोजित किए जाने वाले इस वार्षिक समारोह में राल्फ लॉरेन का ट्रेंच कोट पहनकर शानदार डेब्यू किया। इसमें हॉलीवुड के टॉप कलाकार शामिल हुए। 34 वर्षीय अभिनेत्री ने मेटल की बाली और टखने तक लेदर के हील्स वाले बूट पहनकर अपने लुक में चार चांद लगा दिए। भारत की ओर से हॉलीवुड की पसंदीदा कलाकार माने जा रही प्रियंका के फैशन ने कई लोगों की तारीफें बटोरी। न्यूयॉर्क टाइम्स की फैशन डायरेक्टर वैनेसा फ्रेडमैन ने अभिनेत्री की पसंद की ट्विटर पर तारीफ करते हुए कहा, ‘‘दरअसल प्रियंका चोपड़ा पर राल्फ लॉरेन का ट्रेंच कोट गाउन बहुत अच्छा मेल था।’’
हॉलीवुड के कई लोगों ने प्रियंका की वेशभूषा को ‘‘फैशन मूमेंट’’ बताया। भारत में भी सोशल मीडिया यूजर्स ने भी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री की जमकर प्रशंसा की और कई मजेदार बातें कही। एक यूजर ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रियंका चोपड़ा ने मेट गाला में अपना स्वच्छ भारत कौशल दिखाया।’’ इंडियर प्रीमियर लीग के दसवें संस्करण के मद्देनजर एक यूजर ने लिखा, ‘‘ब्रेकिंग, बीसीसीआई ने बारिश के दौरान स्टेडियम को कवर करने के लिए प्रियंका चोपड़ा को काम सौंपा है।’’ एक अन्य यूजर ने प्रियंका की ड्रेस के तीन इस्तेमाल बताए हैं: रेनकोट, शावर कर्टेन, चादर।”